काशीपुर/कुंडा। धार्मिक अनुष्ठान में आईं गाड़ियों को हटाने को लेकर पड़ोसी ने अपने परिजनों के साथ विरोध करते हुए घर में घुसकर एक परिवार के कई लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूर्या चैकी पुलिस को दी तहरीर में ग्राम बसई निवासी तरसेम सिंह पुत्र बलकार सिंह ने बताया कि बीती 22 जुलाई की दोपहर 2 बजे वह अपने घर पर पूजा का धार्मिक अनुष्ठान कराने में व्यस्त था, पाठ में कुछ बाहर के लोग भी आये थे जिन्होंने अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी की थीं। गाड़ियां खड़ी करने पर जब उसके पड़ोसी राजाराम ने विरोध किया तो उसके वहां रास्ते से सभी गाड़ियां हटवा दी पर इतने पर भी राजाराम नहीं माना और गालियां देते हुए राजाराम के घर के अंदर पहले से ही घात लगाए बैठे राम किशोर, हुकुम सिंह पुत्रगण आशाराम, कोमल पुत्री आशाराम, अनीता पत्नी रामकिशोर, ज्योति पत्नी राजाराम ने एक राय होकर लाठी डंडे व धारदार हथियार से हमलाकर कर उसे व उसकी माता परमजीत कौर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर शराबा होने पर गांव के लोगों ने उन्हें बामुश्किल उनके चंगुल से बचाया तथा जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी। उसने बताया कि रात में जब वह अपने घर पर सो रहा था तभी अचानक सैंटी पुत्र विजयपाल, हिमांशु पुत्र संतोष सिंह, सोनू पुत्र प्रेम सिंह, राजाराम, रामकिशोर, हुकुम सिंह पुत्रगण आशाराम, ज्योति पत्नी राजाराम, कुसुम पत्नी रामकिशोर, अनीता पत्नी हुकुम सिंह समेत कुछ अन्य लोगों ने घर में घुसकर मारपीट व गाली गलौज करते हुए उसके पिता बलकार सिंह व भाई हरजीत सिंह पर धावा बोल उन्हें लहूलुहान कर दिया तथा कार के शीशे भी तोड दिये। उक्त लोगों से उसे अपनी व अपने परिवार की जान माल का खतरा बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
