देहरादून। संविधान हत्या दिवस के अवसर पर गुरुवार को जी.एम.एस. रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था, जब तत्कालीन सरकार ने सत्ता बचाने के लिए नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के साहस, त्याग और संघर्ष के कारण ही देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की पुनर्स्थापना संभव हो सकी। उन्होंने सभी लोकतंत्र सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनका संघर्ष आज की और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके योगदान को सदैव स्मरण रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान करता है, लेकिन आपातकाल के दौरान इन अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद देश की जागरूक जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देते हुए लोकतंत्र की पुनः स्थापना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’, ‘अंत्योदय’ तथा ‘राष्ट्र प्रथम’ के मूल मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान निधि 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। साथ ही, आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके आश्रित जीवनसाथियों को विशेष पहचान-पत्र भी जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर उनके संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, विधायक उमेश शर्मा काऊ, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
