हरेला पर्व पर मालाग्राम पहुंचे सीएम धामी, पौधरोपण कर दिया हरित संरक्षण का संदेश

Uttarakhand News

पौड़ी गढ़वाल, 14 जुलाई। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा प्रकृति संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण कर वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया तथा हर्बल पार्क में किए जा रहे संरक्षण कार्यों की सराहना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान पूरे विश्व के लिए अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक शोध समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय पौधों के विकास, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और आधुनिक शोध के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है।

कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *