देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने वाला प्रभावी माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों, अभिनव प्रयासों और जनभागीदारी की सफल पहल को देश-दुनिया के सामने ला रहे हैं। इससे आम नागरिकों को भी अपने स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा मिलती है।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त और स्वस्थ युवा ही सशक्त एवं विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।
इतिहास और विरासत से जुड़ रही नई पीढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक रोचक एवं सरल तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ उनमें राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा नशा मुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
