सीएम धामी ने 307 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, बोले- जनसेवा का निभाएं संकल्प

Uttarakhand News

आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायक और मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दूरस्थ क्षेत्रों में संकट की घड़ी में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी ही होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक 62 लाख से अधिक कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और करीब 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि 2 मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। साथ ही 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण तेजी से चल रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।

कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन और मधुमक्खी पालन जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और यह किसानों के लिए आय का अतिरिक्त स्रोत बन सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्ट की नियुक्ति से राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नव नियुक्त कर्मचारी पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा के लिए कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास , विधायक उमेश शर्मा काऊ , सविता कपूर , मेयर सौरभ थपलीयल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *