नवनियुक्त कार्मिकों को सीएम धामी ने पत्रलिख कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

Uttarakhand News

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में चयनित युवाओं से ईमानदारी, निष्पक्षता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2022 में जनता द्वारा दूसरी बार राज्य की सेवा का अवसर मिलने के बाद सरकार ने बेरोजगारी की समस्या को कम करने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति दे चुकी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि अब युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए कठोर नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने योग्य युवाओं को न्याय दिलाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने चयनित कार्मिकों से अपील की कि वे राजकीय सेवक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करें तथा आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि राजकीय सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और राज्य के विकास में योगदान देने का अवसर है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *