देहरादून।आज पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से HDFC Bank की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत जनहित में उपलब्ध कराई गई 4 अत्याधुनिक एम्बुलेंस को फ्लैग ऑफ किया। यह पहल राज्य के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निजी संस्थाओं द्वारा जनहित में किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। मुख्यमंत्री के अनुसार पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहद आवश्यक है और ये एम्बुलेंस जरूरतमंदों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने HDFC Bank की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों, आपदा की स्थितियों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसी सेवाएं अत्यंत उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने आगामी हरिद्वार कुम्भ एवं अन्य पर्वतीय जनपदों के लिए भी CSR के माध्यम से अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
बैंक अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन एम्बुलेंस में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं एवं आवश्यक आपातकालीन उपकरण उपलब्ध हैं। साथ ही आगामी तीन वर्षों तक प्रत्येक एम्बुलेंस में चिकित्सक, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी बैंक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
प्रारंभिक चरण में ये एम्बुलेंस चमोली , चंपावत , पिथोरागड एवं रुद्रप्रयाग जनपदों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। भविष्य में इनका उपयोग राज्य के प्रमुख धार्मिक आयोजनों और आपदा प्रबंधन कार्यों में भी किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, विनोद कंडारी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित HDFC Bank के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
