गढ़ी कैंट में योगमय हुआ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, सैनिकों और परिजनों ने किया योगाभ्यास

Uttarakhand News

देहरादून, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया द्वारा गढ़ी कैंट, देहरादून में उत्साहपूर्वक योग सत्रों का आयोजन किया गया। “योग – अनंत आयु के लिए प्रकाश” तथा “योग से स्वस्थ जीवन” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैनिकों और उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने, मानसिक शांति को बढ़ावा देने तथा दैनिक जीवन में सहनशीलता और सकारात्मकता का विकास करना था। इस अवसर पर प्रतिभागियों को योग और प्राणायाम के ऐसे सरल एवं व्यवहारिक अभ्यास कराए गए, जिन्हें आसानी से अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सके।

योग सत्र का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम की विधियों का प्रदर्शन करते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।

यह आयोजन इंडियन योगिनी एसोसिएशन, अध्य कौशलम ट्रस्ट तथा पतंजलि योगपीठ के सहयोग से संपन्न हुआ। योग सत्र का संचालन साध्वी देवदिति एवं सुश्री शिखा द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को योग के महत्व और उसके व्यावहारिक लाभों से अवगत कराया।

मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सहयोगी संस्थाओं एवं प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर दीर्घकालिक शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सैनिकों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *