गैरसैंण और काण्डा में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग, पर्वतीय क्षेत्रों को मिलेगी बड़ी राहत

Uttarakhand News

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जनपद Chamoli के Gairsain और जनपद Bageshwar के Kanda में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण परियोजनाओं को लेकर आवास विभाग ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय व्यय समिति की बैठकों में दोनों परियोजनाओं के विस्तृत आगणनों पर चर्चा करते हुए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए अग्रेतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठकों में आवास, वित्त एवं नियोजन विभाग के अधिकारियों सहित संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गैरसैंण में 91 वाहनों की आधुनिक पार्किंग

मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत गैरसैंण में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण हेतु पेयजल निगम द्वारा लगभग ₹15.04 करोड़ की लागत का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव के अनुसार भू-तल पर 36 कार पार्किंग, 7 दुकानें और 2 कार लिफ्ट की व्यवस्था होगी, जबकि टेरेस पर 55 कार पार्किंग और एक अतिरिक्त कार लिफ्ट प्रस्तावित है। इस प्रकार कुल 91 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी।

बैठक में प्रस्तावित अतिरिक्त निर्माण कार्यों पर चर्चा करते हुए सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि आवास विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी पार्किंग निर्माण तक सीमित रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप संशोधित प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

काण्डा में 53 वाहनों के लिए बनेगी पार्किंग

बागेश्वर जनपद के काण्डा में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना के संशोधित आगणन पर भी समिति ने विस्तार से विचार किया। लगभग ₹5.40 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना में भूतल पर 7 दुकानें और 26 कार पार्किंग, जबकि प्रथम तल पर 27 कार पार्किंग प्रस्तावित हैं। इसके अलावा शौचालय सुविधा का भी प्रावधान रखा गया है। इस परियोजना के तहत कुल 53 वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।

सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि पार्किंग का संचालन जिला विकास प्राधिकरण, बागेश्वर द्वारा किया जाए तथा दुकानों का आवंटन पूर्ण पारदर्शिता के साथ जिला स्तरीय समिति के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए।

पर्यटन और स्थानीय व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के विजन के अनुरूप पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाएं केवल वाहन खड़े करने की सुविधा नहीं हैं, बल्कि इससे स्थानीय बाजारों को व्यवस्थित करने, यातायात दबाव कम करने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *