बस्तर (छत्तीसगढ़)। आज पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 26वीं बैठक में सहभागिता की। बैठक में आंतरिक सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास, आधारभूत संरचना, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि राज्यों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय से देश के संतुलित एवं समग्र विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी संघवाद को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली विश्वप्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और दिव्य-भव्य कुंभ मेले की तैयारियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये आयोजन देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण अवसर हैं, जिनके सफल आयोजन के लिए केंद्र और राज्यों के समन्वित सहयोग की आवश्यकता होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों के सहयोग से दोनों आयोजन ऐतिहासिक और सफल होंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने सीमावर्ती राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने तथा तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए राज्यों के बीच सूचना साझा करने और संयुक्त प्रयासों को और अधिक मजबूत करना आवश्यक है।
इस अवसर पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
