काशीपुर। नौ महीने पूर्व हुए लाखों रुपये के गहने चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जिसमे पुलिस ने नौकरानी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। गुरूवार को कोतवाली कार्यालय में घटना का खुलासा करते हुए एसपी अभय सिंह व सीओ अनुष्का बड़ोला ने बताया कि बीते मंगलवार को हाउस नंबर 07, प्रकाश इन्क्लेव, मानपुर रोड निवासी नीलम सूँठा पत्नी राजीव सूँठा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर पर लाखों रुपये के सोने के गहनों की चोरी 05 जनवरी 2024 को गई थी। चोरी हुये गहनों की तलाशी घर में करने के उपरांत भी नही मिले। कहा कि जिस पर वह उक्त घटना से काफी परेशान व अवसाद ग्रस्त हो गई थी। साथ ही उनके पति गैर राज्य में सर्विस करते हैं। जिस कारण वह घटना की जानकारी समय से पुलिस को नहीं दे सकी। इस बीच पीड़िता ने घर में काम करने वाली नौकरानी पर भी चोरी का शक जताया। बीते दिवस महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर नौकरानी दीपगंगा कॉलोनी, काशीपुर निवासी अंजलि राणा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अंजलि ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि उसने पीड़िता के घर काम के दौरान गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। जिसे उसने अपने प्रेमी हनुमान मंदिर कॉलोनी, काशीपुर निवासी शिवम पुत्र विजयपाल को सौंप दिया था उक्त गहनों को बेच कर वह प्रेमी से शादी करना चाहती थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश किया है। चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह, एसएसआई सतीश कुमार शर्मा, एसआई विपुल चन्द्र जोशी, संतोष देवरानी, कां. प्रेम कनवाल, गिरीश मठपाल, अंकित काम्बोज, महिला होमगार्ड अनीता शामिल रहे।
