कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को मिलेगी निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

Uttarakhand News

(देहरादून) 15 अक्टूबर, 2025 मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों के लिए संचालित निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि कोचिंग योजना की गुणवत्ता बेहतर हो, चयन प्रक्रिया स्क्रीनिंग के माध्यम से पारदर्शी हो तथा विद्यार्थियों की सुविधा के अनुसार पढ़ाई का समय निर्धारित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोचिंग योजना में किसी भी तरह की खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका स्पष्ट परिणाम (आउटकम) दिखाई देना चाहिए। इसके लिए सभी प्रक्रियाओं को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान निदेशक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती ने जानकारी दी कि इस वर्ष 10 हजार छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
कक्षा 11 में अध्ययनरत छात्रों को दो वर्ष और 12वीं पास छात्रों को एक वर्ष की कोचिंग दी जाएगी।

कोचिंग कार्यक्रम आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों स्ट्रीम के अनुरूप होगा, जिसमें लगभग सभी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
इसके अतिरिक्त मेधावी छात्रों को छह वर्ष की एडवांस कोचिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में सचिव दिलीप जावलकरअपर सचिव मनुज गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *